देहरादून में फिर चढ़ रहा पारा 10 साल में सबसे गर्म रहा जून, उत्तराखंड के इन 5 ज़िलों में होगी बारिश

WhatsApp Channel Join Now
Telegram Channel Join Now

मौसम के चलते उत्तराखंड के मैदानी क्षेत्र में लोगों का निकलना आसान नहीं है। मौसम विभाग के मुताबिक, आज मैदानी इलाकों में तेज हवाएं चलेंगी, जबकि पहाड़ी जिलों में बारिश की संभावना है। कई स्थानों पर तापमान एक बार फिर 40 से ऊपर पहुंच गया। सोमवार को राजधानी देहरादून का अधिकतम तापमान 41.1 डिग्री दर्ज किया गया जो सामान्य से 6 डिग्री ज्यादा है, आज भी तापमान में काफी बढ़ोतरी होने की आशंका है। पिछले कुछ दिनों से राज्य में गर्मी ने फिर से अपना असली रंग दिखाना शुरू कर दिया है और तापमान में बढ़ोतरी के कारण लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

मैदानी इलाक़ों में गर्मी बढ़ा सकती है परेशानी

मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, जून महीने के पिछले 10 सालों के आंकड़ों के मुताबिक, 2022 को छोड़कर किसी भी दिन देहरादून में तापमान 40 डिग्री तक नहीं पहुंचा है। 2022 के 5 जून को अधिकतम तापमान 41.6 डिग्री रिकॉर्ड किया गया था। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि इसके पीछे का कारण जलवायु परिवर्तन और मौसम का बदलता मिजाज बताया जा रहा है। यही कारण है कि तापमान में लगातार बढ़ोतरी हो रही हैं।

मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी पूर्वानुमान के मुताबिक, चमोली, बागेश्वर, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग और पिथौरागढ़ जिलों के कुछ क्षेत्रों में बारिश होगी। मंगलवार को राज्य के पर्वतीय जिलों में हल्की बारिश के आसार हैं। वहीं मैदानी इलाकों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।

सोमवार को देहरादून का अधिकतम तापमान 41.1 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। यह तापमान पंतनगर से भी अधिक है जहां पंतनगर का अधिकतम तापमान 40.6 डिग्री और न्यूनतम तापमान 19.0 डिग्री सेल्सियस रहा। जबकि मुक्तेश्वर का अधिकतम तापमान 28.3 डिग्री और न्यूनतम तापमान 16.3 डिग्री सेल्सियस रहा।