उत्तराखंड में नए साल पर सैलानियों को मिल सकता है तोहफा, साल के आखिरी हफ्ते में हो सकती है बर्फबारी

WhatsApp Channel Join Now
Telegram Channel Join Now

क्रिसमस और नए साल के जश्न के लिए हिमाचल के बाद अब उत्तराखंड भी पर्यटकों के लिए बेस्ट डेस्टिनेशन बन रहा है। हर बार की तरह इस बार भी मसूरी और नैनीताल जैसे शहर इस मौके पर पर्यटकों के स्वागत के लिए तैयार हैं।

मसूरी नैनीताल में हो सकती है नए साल पर बर्फबारी

इस बीच मौसम विज्ञान केंद्र ने 23 दिसंबर से बर्फबारी का भी अलर्ट जारी किया है। इससे मसूरी और नैनीताल आने वाले पर्यटकों को बर्फबारी का नजारा देखने को मिलेगा। 23 दिसंबर से राज्य के कई पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी हो सकती है।

अगर आप भी बर्फबारी देखने की चाहत में उत्तराखंड आने का प्लान बना रहे हैं तो संभावना है कि आपको निराश नहीं होना पड़ेगा। 23 दिसंबर से राज्य में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो जाएगा। जिसके बाद यहां बर्फबारी के आसार हैं। प्रदेश में नये साल का स्वागत बर्फबारी से होगा। दिसंबर के आखिरी हफ्ते में यहां अच्छी बर्फबारी की संभावना है।

अगर आप सर्दियों की छुट्टियों में कुछ ऑफबीट जगहों पर जाने का प्लान बना रहे हैं तो मसूरी-नैनीताल की बजाय उत्तराखंड में और भी कई जगहें हैं, जहां आपको जन्नत जैसा नजारा देखने को मिलेगा और वह भी पॉकेट फ्रेंडली। अगर आप पहाड़ी जंगलों के बीच खूबसूरत नजारे देखना चाहते हैं तो चोपता आपके लिए बेस्ट ऑप्शन हो सकता है। यहां आप पंचकेदार और चंद्रशिला शिखर के दर्शन कर सकते हैं।

उसी तरह मुनस्यारी भी आपके लिए उपयुक्त रहेगा। यहां आप स्कीइंग, ट्रैकिंग कर सकते हैं। बर्फबारी देखने के लिए औली से बेहतर कोई जगह नहीं हो सकती। इस जगह पर लोग नंदा देवी पर्वत, माना पर्वत, दूनागिरी, नीलकंठ, हाथी पर्वत, गोरी पर्वत और नर पर्वत जैसे 7 खूबसूरत दृश्यों के साथ स्कीइंग और स्नोबोर्डिंग का आनंद ले सकते हैं।

अल्मोड़ा, भीमताल, लैंसडाउन, कौसानी और मुक्तेश्वर जैसी जगहें भी इस बार पैक रहने वाली हैं। लेकिन हम आपको बता दें कि आने से पहले आपको अपना होटल बुक करा लेना चाहिए। ऐसे कई होम स्टे उपलब्ध हैं जहां आपको सब कुछ मिल सकता है। प्रशासन ने भी पर्यटकों की यात्रा को सुखद बनाने के लिए विशेष इंतजाम किए हैं।