उत्तराखंड में अब मैदान के साथ अब पहाड़ पर भी सताएगी गर्मी, मौसम विभाग ने चेताया 12 से 4 के बीच घर से ना निकले

WhatsApp Channel Join Now
Telegram Channel Join Now

उत्तराखंड के लिए मौसम विभाग ने आज भी कोई राहत की खबर नहीं दी है. उनके मुताबिक आज पांच पर्वतीय जिलों में कुछ स्थानों पर बारिश की संभावना कम है। अगले दो-तीन दिनों तक अन्य इलाकों के साथ-साथ तापमान में बढ़ोतरी की संभावना है। पहले से ही गर्मी से जूझ रहे मैदानी इलाकों के लोगों को अभी और दिनों तक परेशानी झेलनी पड़ेगी।इस समय पूरा उत्तराखंड भीषण गर्मी की चपेट में है, खासकर मैदानी इलाके। लू के थपेड़ों ने लोगों को किया परेशान, पारा लगातार बढ़ने से झुलसा देने वाली गर्मी बढ़ती जा रही हैं।

पहाड़ पर गर्मी से राहत पाने आ रहे पर्यटक भी हो रहे निराश

हालात इस कदर बदतर हो गए हैं कि मैदानों के साथ-साथ अब पहाड़ भी भीषण गर्मी से परेशान होने लगे हैं, जिन पहाड़ों पर लोग गर्मी से राहत पाने के लिए छुट्टियाँ बिताने आते थे, वे भी अब यहाँ से निराश होकर लौट रहे हैं। उत्तर भारत में भीषण गर्मी से हर पहाड़ी राज्य जूझ रहा है। सुबह से ही चिलचिलाती गर्मी लोगों को घरों में कैद रहने को मजबूर कर रही है।

मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून से जारी आज के पूर्वानुमान के अनुसार पांच पहाड़ी जिलों चमोली, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में हल्की बारिश होगी, जबकि मैदानी इलाकों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गर्म हवाएं लोगों को सताएगी। आने वाले दिनों में पारा बढ़ने की संभावना है और मैदानी इलाकों में मौसम विभाग ने दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे के बीच घर से कम बाहर निकलने की सलाह दी है।

बुधवार को देहरादून का अधिकतम तापमान 42 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पंतनगर का अधिकतम तापमान 42 डिग्री और न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस रहा। जबकि मुक्तेश्वर का अधिकतम तापमान 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस रहा। नई टिहरी का अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।