पिथौरागढ़ की मेनका गुंज्याल ने फ़िर से स्किंग में मेडल जीतकर रचा उत्तराखंड में इतिहास, 2 महीने में 3 मेडल जितने वाली बनी पहली स्नो स्कियर

उत्तराखंड की स्नो गर्ल मेनका गुंज्याल ने एक बार फिर राज्य का नाम रोशन किया है। स्नो स्कीयर के रूप में उन्होंने हिमाचल प्रदेश पर्यटन विभाग द्वारा आयोजित ओपन नेशनल स्कीइंग चैम्पियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीता है। मेनका गुंज्याल दो महीने के भीतर इस खेल में तीसरी सफलता हासिल करने वाली न केवल उत्तराखंड बल्कि हिमालयी राज्यों की पहली स्कीयर बन गई हैं।

इससे पहले कश्मीर और उत्तराखंड में जीत चुकी है पदक

उनकी इस उपलब्धि के बाद राज्य में खुशी की लहर है। जब उन्होंने मेडल जीता तो बधाई देने वालों का तांता लग गया। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, हिमाचल सरकार के पर्यटन विभाग की ओर से 29-30 मार्च को हिमाचल प्रदेश में नेशनल स्कीइंग चैंपियनशिप प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था। इस प्रतियोगिता का आयोजन जिभी/जलोरी दर्रा घाटी में किया गया था।

इसका आयोजन जीभी वैली पर्यटन विभाग द्वारा हिमाचल सरकार के सहयोग से किया गया है। जिसमें पिथौरागढ़ जिले के धारचूला विकासखंड की ग्राम पंचायत गुंजी निवासी मेनका गुंज्याल ने उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व करते हुए अपनी प्रतिभा दिखाई। बताया जा रहा है कि उन्होंने ओपन नेशनल स्की चैंपियनशिप में वर्टिकल रेस में गोल्ड मेडल जीता है।

बताया जा रहा है कि मेनका गुंज्याल ने इससे पहले 8-9 मार्च को शीतकालीन खेल संघ द्वारा औली में आयोजित राष्ट्रीय स्कीइंग पर्वतारोहण प्रतियोगिता में भी रजत पदक जीता था। उसी वर्ष 22 से 25 फरवरी तक भारत सरकार के खेल मंत्रालय द्वारा आयोजित चतुर्थ खेलो इंडिया प्रतियोगिता में कश्मीर के गुलमर्ग में आयोजित राष्ट्रीय स्कीइंग पर्वतारोहण स्प्रिंट रेस में उन्होंने स्वर्ण पदक जीता। इसी प्रतियोगिता में उन्होंने स्कीइंग, पर्वतारोहण और वर्ट रेसिंग में रजत पदक जीता। 2 महीने के भीतर 3 राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक जीतने के बाद मेनका गुंज्याल का कद इस क्षेत्र में बढ़ गया है।

Leave a Comment