देहरादून में इस बार होने जा रहा है विश्व आपदा प्रबंधन सम्मलेन, बॉलीवुड के बिग बी होंगे ब्रांड एम्बेसडर

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को सचिवालय, देहरादून स्थित मीडिया सेंटर में छठे वैश्विक आपदा प्रबंधन सम्मेलन के संबंध में प्रेस वार्ता की। इस दौरान वैश्विक आपदा प्रबंधन सम्मेलन के लिए अमिताभ बच्चन का वीडियो संदेश भी प्रसारित किया गया।

28 नवंबर से 1 दिसंबर तक चलेगा सम्मेलन

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बताया कि राज्य सरकार द्वारा 6वां विश्व आपदा प्रबंधन सम्मेलन 28 नवंबर से 01 दिसंबर 2023 तक देहरादून, उत्तराखंड में आयोजित किया जाएगा।

इसका आयोजन उत्तराखंड राज्य विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद (यूकॉस्ट) के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन, रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन, परमाणु ऊर्जा आयोग के प्रमुख, भारत सरकार के मुख्य वैज्ञानिक सलाहकार के साथ ही विश्व के प्रमुख संस्थानों, संयुक्त राष्ट्र के प्रतिनिधियों, देश-विदेश के जलवायु विशेषज्ञों को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया है। सम्मेलन में आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में देश-दुनिया के विशेषज्ञों के बीच मंथन होगा।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि छठे विश्व शिखर सम्मेलन का प्राथमिक उद्देश्य हिमालयी पारिस्थितिकी तंत्र और समुदायों पर ध्यान केंद्रित करते हुए जलवायु परिवर्तन और आपदा लचीलेपन की चुनौतियों पर चर्चा करना और उनका समाधान करना है।

इसके अतिरिक्त, सम्मेलन का उद्देश्य उत्तराखंड को आपदा लचीलेपन और तैयारियों के लिए जलवायु अनुकूल समाधान के केंद्र के रूप में विकसित करना है।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि वैश्विक आपदा प्रबंधन सम्मेलन विशेषकर उत्तराखंड राज्य और हिमालयी क्षेत्रों में आपदा प्रबंधन की गंभीरता और आपदा से जुड़ी चुनौतियों के समाधान के लिए वैश्विक स्तर पर की जा रही सोच और प्रयासों को गति देगा। उन्होंने कहा कि जलवायु परिवर्तन और आपदा लचीलापन बहुत महत्वपूर्ण विषय हैं और भारत और विशेषकर हिमालयी राज्यों में इनके महत्व को देखते हुए वर्तमान में आपदा प्रबंधन पर एक वैश्विक सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है।

Leave a Comment